Ranchi: झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने बुधवार को CM हेमंत सोरेन (Hemant Soren) से शिष्टाचार मुलाकात की. मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न विकासात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई. विशेष रूप से लोहरदगा के बीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट स्टेडियम के विकास, उसमें फ्लड लाइट लगाने की योजना तथा जिले में पर्यटन स्थलों के समग्र विकास को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया गया. बैठक में पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के पुत्र हर्षित साहू भी उपस्थित थे. मुलाकात के दौरान धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री का ध्यान लोहरदगा के खेल एवं पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि जिले में पर्याप्त संसाधन और प्रतिभाएं मौजूद हैं. यदि आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाए तो लोहरदगा राज्य के प्रमुख खेल एवं पर्यटन केंद्रों में अपनी अलग पहचान बना सकता है.
क्रिकेट स्टेडियम में आधुनिक सुविधाओं की मांग
धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री से बीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की. उन्होंने विशेष रूप से स्टेडियम में फ्लड लाइट लगाने, खिलाड़ियों के लिए बेहतर ड्रेसिंग रूम, दर्शक दीर्घा, अभ्यास सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक खेल संसाधनों के विकास पर जोर दिया. उनका कहना था कि इन सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर मिलेगा और जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी. इसके अलावा बैठक में लोहरदगा के पर्यटन स्थलों के विकास पर भी चर्चा हुई. धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व वाले कई स्थल आज भी अपेक्षित विकास की प्रतीक्षा कर रहे हैं. यदि इन स्थानों का योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए तो पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी.

ALSO READ: चाईबासा: झारबेड़ा के समीप सड़क हादसे में पूर्व पुलिसकर्मी की दर्दनाक मौत
मुख्यमंत्री ने DPR तैयार करने का दिया सुझाव
मुलाकात के बाद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल का भरोसा दिया. उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार लोहरदगा के विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई करेगी. वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, “धीरू बाबू मेरे अभिभावक हैं. उनके कार्यों के लिए मैं हमेशा तैयार हूं. जिन योजनाओं पर चर्चा हुई है, उनका विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) बनाकर उपलब्ध कराया जाए, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके.”
मुख्यमंत्री के इस सकारात्मक आश्वासन से लोहरदगा के खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में नई उम्मीद जगी है. माना जा रहा है कि यदि प्रस्तावित योजनाओं को मंजूरी मिलती है तो बीएस कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा और जिले में खेल गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा. साथ ही पर्यटन स्थलों के विकास से लोहरदगा की पहचान राज्य के प्रमुख पर्यटन जिलों में भी स्थापित हो सकेगी. इस शिष्टाचार मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई सकारात्मक चर्चा से यह संकेत मिला है कि राज्य सरकार लोहरदगा के खेल, पर्यटन और आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता देने की दिशा में गंभीरता से आगे बढ़ सकती है. स्थानीय लोगों को अब इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने का इंतजार रहेगा.


