Giridih: उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में योजना की प्रगति, लाभुकों की स्थिति और प्राप्त आवेदनों की विस्तार से समीक्षा की गई.
सुदूर क्षेत्रों तक लाभ पहुंचाने पर जोर
जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के लाभुकों से कुल 154 आवेदन प्राप्त हुए हैं. उपायुक्त ने सभी आवेदनों की समीक्षा के बाद 154 आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की. समीक्षा बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले के सुदूरवर्ती और दूर-दराज के क्षेत्रों में भी पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति योजना से वंचित न रहे. बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, गिरिडीह, गांडेय, धनवार एवं डुमरी के विधायक प्रतिनिधि तथा कल्याण विभाग के अधिकारी और संबंधित कर्मी उपस्थित थे.

ALSO READ: कैबिनेट का फैसलाः झारखंड सदर हॉस्पीटल में इंटर्नशिप कर रहे विदेशी छात्रों को भी मिलेगा स्टाइफंड


