Chatra: हंटरगंज थाना क्षेत्र की एक युवती ने शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि उसने थाना में लिखित शिकायत दी, मामला दर्ज भी हो गया, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से वह लगातार न्याय के लिए भटकने को मजबूर है.
गिरफ्तारी नहीं हुई तो थाना परिसर में करुंगी आत्मदाह : पीड़िता
पीड़िता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह थाना परिसर में आत्मदाह जैसा कदम उठाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन, आरोपी और उसके परिजनों की होगी. पीड़िता के अनुसार, हंटरगंज थाना क्षेत्र के ही एक युवक के साथ उसका करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम संबंध था। उसका आरोप है कि जब वह नाबालिग थी, तभी युवक ने शादी का भरोसा देकर कई बार होटल ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता का यह भी आरोप है कि हर बार संबंध बनाने से पहले उसे गर्भनिरोधक दवा दी जाती थी.बाद में जब उसने शादी की बात की तो युवक अपने वादे से मुकर गया.

शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक यौन शोषण का आरोप
पीड़िता का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच दो बार पंचायत भी हुई. पंचायत के अनुसार, पंचायत में युवक ने संबंध होने की बात स्वीकार की थी , 24 जून को दोनों की शादी कराने पर सहमति बनी थी. लेकिन तय तिथि पर युवक के परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद उस पर पैसे लेकर समझौता करने का दबाव बनाया जाने लगा और विरोध करने पर धमकियां भी दी गईं.पीड़िता ने बताया कि उसने 25 जून और 27 जून को हंटरगंज थाना में लिखित आवेदन दिया. इसके बाद से वह लगातार थाना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगा रही है, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उसने आरोप लगाया कि कार्रवाई में हो रही देरी से आरोपी पक्ष का मनोबल बढ़ रहा है और उसे लगातार मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है. पीड़िता ने जिला पुलिस प्रशासन से अविलंब आरोपी की गिरफ्तारी कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है. उसने कहा कि यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाया गया तो वह मजबूरी में आत्मदाह जैसा कदम उठाने को विवश होगी.
ALSO READ: रांची में अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, कांके से प्रोजेक्ट भवन तक बनेगा जाम मुक्त मॉडल कॉरिडोर
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
इधर, मामले के बारे में पूछे जाने पर हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.


