Click Here
Click Here
Click Here

लोहरदगा: ED-CBI के दम पर विपक्ष को तोड़ रही है BJP, देश को एक-दलीय व्यवस्था की ओर धकेला जा रहा- सुखदेव भगत

Lohardaga: कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि...

Lohardaga
सुखदेव भगत ,कांग्रेस सांसद

Lohardaga: कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र की भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में विपक्ष को व्यवस्थित तरीके से कमजोर करने और एक-दलीय व्यवस्था स्थापित करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति भारतीय लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उनका कहना है कि लोकतंत्र की मजबूती केवल चुनाव कराने से नहीं, बल्कि स्वतंत्र संस्थाओं, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और सशक्त विपक्ष की मौजूदगी से सुनिश्चित होती है.

ED- CBI का उपयोग राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है-सुखदेव भगत

सुखदेव भगत ने पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल द्वारा निर्वाचन आयोग से मुलाकात के मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद से केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों का उपयोग निष्पक्ष जांच के बजाय राजनीतिक हथियार के रूप में किया जा रहा है.

चुनावी प्रक्रिया को अपने पक्ष में प्रभावित करने का प्रयास

कांग्रेस सांसद ने कहा कि भाजपा पहले चुनावी प्रक्रिया को अपने पक्ष में प्रभावित करने का प्रयास करती है और उसके बाद विपक्षी दलों के सांसदों एवं विधायकों को अपने साथ जोड़कर जनता के जनादेश को कमजोर करती है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा में शामिल होने वाले अधिकांश जनप्रतिनिधि विचारधारा के आधार पर नहीं, बल्कि राजनीतिक दबाव, भय या तात्कालिक लाभ के कारण दल बदलने को मजबूर होते हैं. इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के विश्वास को ठेस पहुंचती है.

विपक्षी दलों को कमजोर करने की घटनाएं सामने आ रही है

सुखदेव भगत ने कहा कि पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, बिहार सहित कई राज्यों में विपक्षी दलों को कमजोर करने और उनके जनप्रतिनिधियों को तोड़ने की घटनाएं लगातार सामने आई हैं। उनके अनुसार यह राजनीतिक संस्कृति लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत है और इससे संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े होते हैं. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सशक्त विपक्ष की भूमिका सरकार को जवाबदेह बनाने की होती है. यदि विपक्ष को केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से डराया जाएगा, राजनीतिक दबाव बनाया जाएगा और उसकी आवाज को कमजोर किया जाएगा, तो लोकतांत्रिक संतुलन बिगड़ जाएगा. उन्होंने कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए आवश्यक है कि सभी संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कार्य करें तथा उनका उपयोग किसी राजनीतिक दल के हित में न किया जाए.

ALSO READ: बोकारो: पेटरवार प्रखंड कार्यालय में ACB की बड़ी कार्रवाई, प्रधान सहायक 8 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

जनता लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास रखती है-सुखदेव भगत

कांग्रेस सांसद ने कहा कि देश की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान में विश्वास रखती है। इसलिए केंद्र सरकार को चाहिए कि वह जांच एजेंसियों की निष्पक्षता बनाए रखे और विपक्ष के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई करने के बजाय लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में कार्य करे। उन्होंने कहा कि यदि लोकतांत्रिक संस्थाओं का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल जारी रहा तो इससे देश में स्वस्थ राजनीतिक प्रतिस्पर्धा और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा. सुखदेव भगत ने अंत में कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बनाए रखने की लड़ाई आगे भी मजबूती से जारी रखेगी. उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान करने की अपील भी की.

add1
सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *