Ranchi: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ (PM Surya Ghar: Free Electricity Scheme) को बढ़ावा देने के लिए अपने रांची स्थित आवास की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगवाया है. इस मौके पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए योजना के फायदे बताए और लोगों से इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज सौर ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है. पिछले 12 वर्षों में देश ने स्वच्छ और अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं और सौर ऊर्जा अब जन-आंदोलन बनती जा रही है.
सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र सरकार दे रही सब्सिडी
संजय सेठ ने कहा कि ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ का उद्देश्य हर परिवार को सस्ती और स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराना है. इस योजना के तहत घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए केंद्र सरकार सब्सिडी दे रही है. इससे बिजली का बिल कम होगा, लोग बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बनेंगे और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा.

उन्होंने बताया कि किसान सौर ऊर्जा से अपने खेतों की सिंचाई कर रहे हैं, वहीं आम लोग अपने घरों में बिजली बनाकर बिजली बिल में अच्छी-खासी बचत कर रहे हैं. जिन परिवारों की मासिक बिजली खपत करीब 300 यूनिट है, वे अपनी जरूरत के अनुसार बिजली पैदा कर सकते हैं. अगर बिजली ज्यादा बने तो उसे नेट मीटरिंग के जरिए ग्रिड में भेजकर अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है.
योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी
- 1 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर 30,000 की सब्सिडी.
- 2 किलोवाट तक के सिस्टम पर 60,000 की सब्सिडी.
- 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के सिस्टम पर अधिकतम 78,000 तक की सब्सिडी.
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सतर्क के तहत कोडरमा स्टेशन पर RPF की कार्रवाई, 24 कैन बीयर के साथ युवक गिरफ्तार


