Hazaribagh : जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हजारीबाग पुलिस ने गुरुवार देर रात विशेष अभियान चलाकर मनचले युवकों और अड्डेबाजों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में एक साथ चले इस अभियान के दौरान 108 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 59 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. सभी को भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी देते हुए PR बॉन्ड पर छोड़ दिया गया, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
46 टीमों ने एक साथ की कार्रवाई, 108 स्थानों पर छापेमारी
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार 2 जुलाई की रात जिले के सभी अनुमंडलों और थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व सभी पुलिस उपाधीक्षकों और पुलिस निरीक्षकों ने किया. इसके लिए जिलेभर में कुल 46 विशेष टीमों का गठन किया गया, जिनमें 177 पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे. पुलिस टीमों ने ऐसे स्थानों को चिन्हित किया था जहां अक्सर युवकों की अड्डेबाजी, हुड़दंग या मनचलों की गतिविधियों की शिकायतें मिलती थीं. अभियान के दौरान जिलेभर में 108 स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई. इस कार्रवाई से देर रात तक कई इलाकों में पुलिस की सक्रियता देखने को मिली.

59 मनचलों को थाने लाकर दी गई सख्त चेतावनी
छापेमारी के दौरान 59 मनचले युवकों को विभिन्न थाना क्षेत्रों से पकड़कर संबंधित थानों में लाया गया. सभी का सत्यापन करने के बाद उनसे PR बॉन्ड भरवाया गया और भविष्य में किसी भी प्रकार की अराजक गतिविधि या सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं आम नागरिकों को परेशान नहीं करने की सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया. अभियान के दौरान एक व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी. हजारीबाग पुलिस ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी इलाके में मनचलों की गतिविधियां, अड्डेबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग या संदिग्ध जमावड़े की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत नजदीकी थाना को दें. सूचना मिलते ही पुलिस उसका सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई करेगी. पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी नियमित रूप से चलाए जाएंगे. पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक भीड़ लगाने और अड्डेबाजी करने वाले लोगों में हड़कंप का माहौल देखा गया.
Also Read : NewsWave special : झारखंड के सरकारी विभागों में कार्यरत 42 हजार कर्मियों का नहीं है कोई डिजिटल रिकॉर्ड


