Ranchi: झारखंड में मानसून पूरी तरह मेहरबान हो गया है. बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मौसमी कारकों के प्रभाव से राज्य में मौसम का मिजाज बदल गया है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी प्रबल आशंका है, जिसे लेकर आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
यह भी पढ़ें: हजारीबाग: एक तरफ अस्पताल तो दूसरी तरफ होटल बने ‘ओपन बार’, खुलेआम छलकाए जा रहे हैं जाम

अगले 5 दिनों का मौसम पूर्वानुमान, पांच जुलाई को भारी बारिश का अलर्ट
राज्य भर में आसमान में बादल छाए रहेंगे और लगभग सभी स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा. इस दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. मौसम विभाग ने खास तौर पर वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर अलर्ट जारी किया है. 5 जुलाई को गुमला, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा में भारी बारिश हो सकती है. वहीं 6 जुलाई को लातेहार, पलामू, चतरा और गढ़वा में, तथा 7 जुलाई को हजारीबाग, रामगढ़, लातेहार, चतरा और रांची के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. 8 जुलाई को खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश के आसार हैं.
रांची शहर का पूर्वानुमान
राजधानी रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे. 3 और 4 जुलाई को एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि 5, 6 और 7 जुलाई को मध्यम दर्जे की बारिश होने की प्रबल संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: बाबूलाल मरांडी का आरोप: ‘5 महीने से मानदेय को तरस रहे 58 हजार NHM कर्मी’
तापमान का हाल और बीते 24 घंटे की स्थिति
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में कई स्थानों पर गर्जन के साथ मध्यम बारिश दर्ज की गई. पलामू के डाल्टनगंज में सर्वाधिक 54.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. तापमान की बात करें तो बोकारो में उच्चतम तापमान 34.1डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान लातेहार केंद्र में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
• रांची: 31.0 डिग्री सेल्सियस
• जमशेदपुर: 33.0 डिग्री सेल्सियस
• डाल्टेनगंज: 29.8 डिग्री सेल्सियस
• बोकारो-थर्मल: 34.1 डिग्री सेल्सियस
• चाईबासा: 33.8 डिग्री सेल्सियस
• खूंटी: 32.0 डिग्री सेल्सियस
• लोहरदगा: 29.3 डिग्री सेल्सियस
• लातेहार: 26.3 डिग्री सेल्सियस
• सराइकेला: 32.5 डिग्री सेल्सियस
• पाकुड़: 34.0 डिग्री सेल्सियस


