Hazaribagh : कटकमदाग प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित अंचल कार्यालय में विधायक प्रदीप प्रसाद की पहल पर जनता दरबार का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में पहल करना था. जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं विधायक एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखीं. जनता दरबार का सफल संचालन पूर्व जिला परिषद सदस्य सह विधायक प्रतिनिधि कटकमदाग प्रियंका कुमारी के नेतृत्व में किया गया. उन्होंने कहा कि जनता और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस तरह के जनता दरबार नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे.
भूमि, सड़क, बिजली और सरकारी योजनाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई
जनता दरबार में सबसे अधिक मामले भूमि संबंधी विवाद, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, भूमि रसीद निर्गत करने, सड़क निर्माण, नाली-गली, बिजली आपूर्ति, राशन कार्ड, आवास योजना और पेंशन योजना से जुड़े सामने आए. ग्रामीणों ने विभिन्न पंचायतों में अधूरी पड़ी विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की भी मांग उठाई. कार्यक्रम के दौरान भाड़े के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों का मुद्दा भी प्रमुखता से सामने आया. ग्रामीणों ने इन केंद्रों के लिए स्थायी भवन निर्माण हेतु सरकारी भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी. इस पर संबंधित अधिकारियों ने आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया.

जनता की समस्या का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता : विधायक प्रदीप प्रसाद
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है, जिसके लिए समन्वय और संवेदनशीलता के साथ कार्य करना आवश्यक है. जनता दरबार में सदर अंचलाधिकारी सत्येंद्र पासवान, प्रखंड विकास पदाधिकारी शिव बालक प्रसाद, CDPO, कटकमदाग प्रमुख कुमारी विनीता, मुखिया परमेश्वर गोप, जिला परिषद सदस्य जीतन राम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया. अधिकारियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया.
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता K.P. Ojha, विधायक प्रतिनिधि दिनेश कुशवाहा, इंद्र नारायण कुशवाहा, कौलेश्वर रजक, चौधरी प्रसाद, सुमन राय, दिलीप कुमार साहू, पंडल यादव, सौरभ प्रकाश सिन्हा, प्रमुख विनीता कुमारी, मुखिया परमेश्वर यादव, मंडल अध्यक्ष एवं उप प्रमुख विमल गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि एवं जिला परिषद व मुखिया संघ के अध्यक्ष राजेश गुप्ता, रामावतार शर्मा, अरुण राणा, कविन्द्र यादव, अशोक यादव, विकास यादव, शशि ठाकुर, कामेश्वर दास, सुषमा देवी, हीरामन गोप, पिंटू रानी, मनदीप यादव, कुलतर सिंह, बिरजू रवि, विक्की कुशवाहा, राजेश ठाकुर, राजेश यादव सहित अनेक मुखिया, पंचायत समिति सदस्य एवं सभी पंचायतों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जनता दरबार की पहल की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के नियमित आयोजनों से आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होगा और क्षेत्र के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी. ग्रामीणों ने विधायक प्रदीप प्रसाद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस तरह के जनसंपर्क कार्यक्रम जारी रखने की अपेक्षा जताई.
Also Read : हजारीबाग के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी संघर्ष की गौरवगाथा पर कर्णपुरा महाविद्यालय में सेमिनार


