Bokaro: ईएसएल स्टील लिमिटेड (ESL Steel Limited) की ओर संचालित ईएसएल स्किल स्कूल में प्रमाण पत्र, ऑफर लेटर वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले युवाओं का सम्मान करना तथा उन्हें रोजगार से जोड़ने की दिशा में उनकी उपलब्धियों का उत्सव मनाना था. यह पहल स्थानीय युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.
समारोह में 52 प्रशिक्षुओं ने लिया भाग
समारोह में कुल 52 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया. इस अवसर पर 16 प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण पूर्णता प्रमाण पत्र, 18 युवाओं को विभिन्न संस्थानों से नियुक्ति (ऑफर) पत्र, जबकि एसपीवीआई (SPVI) एवं एफटीओएचए (FTOHA) बैच के 47 प्रशिक्षुओं को रोजगार के लिए आवश्यक टूलकिट प्रदान किए गए. इस अवसर पर ईएसएल स्टील लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं पूर्णकालिक निदेशक रवीश शर्मा ने कहा, “ईएसएल स्टील का मानना है कि कौशल विकास सामाजिक और आर्थिक बदलाव का सबसे प्रभावी माध्यम है. ईएसएल स्किल स्कूल के जरिए हम युवाओं को उद्योग से जुड़े जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण देकर उन्हें सम्मानजनक रोजगार से जोड़ रहे हैं. हमारा उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनकी क्षमता को निखारना और क्षेत्र के समावेशी विकास में योगदान देना है.वहां मौजूद अतिथियों ने सभी प्रशिक्षुओं को बधाई दी और उन्हें निरंतर सीखने, अपने कौशल को और बेहतर बनाने तथा उपलब्ध अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया.

‘कौशल विकास’ युवाओं के लिए भविष्य में महत्वपूर्ण निवेश हैं
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ईएसएल स्टील लिमिटेड(ESL Steel Limited) के मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO)-प्रह्लाद रावत ने कहा, “कौशल विकास युवाओं के भविष्य में किया गया सबसे महत्वपूर्ण निवेश है. उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण देकर हम उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी योगदान दे रहे हैं.”
ALSO READ: हजारीबाग : कटकमदाग अंचल कार्यालय में जनता दरबार, विधायक प्रदीप प्रसाद ने सुनी आमजन की समस्याएं
अतिथियों ने अपने विचार साझा किए
कार्यक्रम की शुरुआत ईएसएल स्किल स्कूल की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी से हुई. इसके बाद अतिथियों ने अपने विचार साझा किए. प्रशिक्षुओं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण से उनके तकनीकी कौशल, आत्मविश्वास और रोजगार की संभावनाओं में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. प्रमाण पत्र, ऑफर लेटर एवं टूलकिट का वितरण उनके पेशेवर जीवन की नई शुरुआत का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुआ.कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ. इस अवसर पर ईएसएल स्टील लिमिटेड ने युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.


