Jamtara: निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण(SIR) 2026 अभियान की शुरुआत कर दी गई है. अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे. इस संबंध में झामुमो के जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप मंडल ने जिले के सभी मतदाताओं से समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.
मतदाता अपने-अपने BLO से संपर्क करें
प्रदीप मंडल ने कहा कि सभी मतदाता अपने-अपने बूथ स्तरीय अधिकारी (BLO) से संपर्क कर निर्धारित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करें. उन्होंने बताया कि BLO के पास जाते समय प्रत्येक मतदाता को पासपोर्ट आकार का नवीनतम रंगीन फोटो और अपना मोबाइल नंबर साथ ले जाना होगा. इसके अलावा गणना प्रपत्र पर स्वयं का हस्ताक्षर करना भी अनिवार्य है.उन्होंने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इससे पात्र नागरिकों के नाम सही तरीके से मतदाता सूची में दर्ज होंगे और मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी.

ALSO READ: BSL के कोक ओवन ने उत्पादन और वाणिज्यिक बिक्री में बनाया नया कीर्तिमान
मतदाता सूची में नाम दर्ज होना बेहद जरूरी
प्रदीप मंडल ने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस और आसपास के सभी पात्र मतदाताओं को भी इस अभियान की जानकारी देने तथा उन्हें समय पर आवश्यक दस्तावेज जमा करने के लिए प्रेरित करने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना बेहद जरूरी है. इसलिए सभी नागरिक अपने बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करें और विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दें.


