जामताड़ा के कुख्यात साइबर अपराधी रोहित मंडल की जमानत याचिका HC से खारिज

Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने लाखों रुपये की साइबर ठगी के आरोपी रोहित कुमार मंडल को राहत देने से इनकार कर दिया है....

Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट ने लाखों रुपये की साइबर ठगी के आरोपी रोहित कुमार मंडल को राहत देने से इनकार कर दिया है. न्यायमूर्ति अनुभा रावत चौधरी की एकल पीठ ने जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 56/2025 से जुड़े मामले में सुनवाई के बाद आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी. रोहित कुमार मंडल 26 अगस्त 2025 से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है. इससे पहले जामताड़ा की निचली अदालत भी उसकी जमानत अर्जी खारिज कर चुकी थी. उल्लेखनीय है कि इसी मामले में 17 फरवरी 2026 को भी हाईकोर्ट ने आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जमानत देने से इनकार किया था.

यह भी पढ़ें: सचिवालय संघ के सदस्यों ने कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो का कार्यालय घेरा, लगाया हाय-हाय के नारे, कहा- कार्मिक सचिव Go Back

साइबर अपराध के संगठित नेटवर्क से संबंध के आरोप

मामले की जांच के दौरान आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और ‘बबलू रॉय’ के नाम पर फर्जी तरीके से पंजीकृत एक सक्रिय सिम कार्ड बरामद किया गया था. जांच एजेंसियों के तकनीकी विश्लेषण में मोबाइल से कई संदिग्ध व्हाट्सएप चैट और डिजिटल साक्ष्य मिले, जो साइबर अपराध के संगठित नेटवर्क से उसके संबंध की ओर संकेत करते हैं. बैंक खातों की जांच में इस नेटवर्क के माध्यम से 61.32 लाख रुपये से अधिक के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ. वहीं, गिरफ्तारी के दौरान रोहित कुमार मंडल और उसके सह-आरोपियों के कब्जे से 1.11 लाख रुपये नकद, 9 मोबाइल फोन, 15 फर्जी सिम कार्ड और 7 एटीएम कार्ड भी बरामद किए गए थे. इन तथ्यों और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी.

यह भी पढ़ें: राधा कृष्ण किशोर अनुभवी नेता हैं,सुरक्षा के मामले में मीडिया के बजाए CM से बात करना चाहिए- इरफान अंसारी

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *