Ranchi: एफसीएस युवा रांची द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘नगर यात्रा 4.0’ का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया. वन बंधु परिषद के युवा चैप्टर एफसीएस युवा रांची ने इस पहल के माध्यम से 100 गांवों के करीब 3000 बच्चों को शहर बुलाकर उन्हें मनोरंजन और आधुनिक सुविधाओं का अनुभव कराया.
एक लाख से अधिक विद्यालय संचालित कर रहा एकल अभियान
मीडिया प्रभारी अमित बजाज ने बताया कि एकल अभियान पूरे भारत में एकल विद्यालय के नाम से एक लाख से अधिक विद्यालय संचालित कर रहा है. यह देश के सबसे बड़े गैर-सरकारी संगठनों में शामिल है और इसे केंद्र सरकार द्वारा गांधी शांति पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है.

चार वर्षों से जारी है ‘नगर यात्रा’
संस्था के अध्यक्ष अभिनव मित्तल ने बताया कि सामाजिक सेवा और ग्रामीण बच्चों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से 30 जून से 3 जुलाई तक ‘नगर यात्रा 4.0’ का आयोजन किया गया. पिछले चार वर्षों से यह कार्यक्रम लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत ग्रामीण बच्चों को शहर की जीवनशैली और सुविधाओं से परिचित कराया जाता है. सचिव कंचन कौर ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए खेल-कूद, मनोरंजन और भोजन की विशेष व्यवस्था की गई. साथ ही कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को गिफ्ट और स्नैक्स पैकेट भी दिए गए.
मॉल ऑफ रांची के स्टारकेड गेमिंग जोन में हुआ आयोजन
पूर्व अध्यक्ष विशेष केडिया ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम रातू रोड स्थित मॉल ऑफ रांची के स्टारकेड गेमिंग जोन में आयोजित किया गया. चार दिनों तक चले इस आयोजन में 100 गांवों के लगभग 3000 बच्चों ने हिस्सा लिया. प्रतिदिन 25 से 26 विद्यालयों के करीब 550 से 600 बच्चों को कार्यक्रम स्थल तक लाया गया.
दानदाताओं के सहयोग से बच्चों के लिए बना यादगार दिन
मीडिया कोऑर्डिनेटर कीर्ति मारू ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य दानदाता चेन्नई के कमलेश जैन और स्टारकेड गेमिंग जोन के संचालक राजेश अडूकिया रहे. बच्चों को निशुल्क मनोरंजन कराया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों के जीवन में एक ऐसा दिन जोड़ना था, जिसे वे हमेशा याद रखें. संस्था को उम्मीद है कि दानदाताओं के सहयोग से यह पहल आगे भी जारी रहेगी.
रेखा जैन ने किया कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम का समापन केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती रेखा जैन ने किया. इस अवसर पर सृष्टि अग्रवाल, शुभम सोमानी, अभिजीत, राधा डोरलिया, सौरव बोस, हर्ष अग्रवाल, अमर बाजोरिया, उत्सव जालान, आयुषी सरावगी, कोमल केडिया सहित कई सदस्य उपस्थित रहे.


