Chaibasa : जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लतारसिका और चेतनसिका गांव में अवैध महुआ शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ पुलिस एवं उत्पाद विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान दोनों गांवों और आसपास के जंगलों में संचालित पांच अवैध महुआ शराब भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया. इसके अलावा शराब बनाने के लिए तैयार करीब 2000 लीटर जावा महुआ मौके पर ही नष्ट कर दिया गया. अभियान मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार और उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निर्भय सिंह के नेतृत्व में चलाया गया. टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की. जहां अवैध रूप से महुआ शराब तैयार की जा रही थी. कार्रवाई के दौरान शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे ड्रम, बर्तन, पाइप सहित अन्य उपकरणों को भी जब्त कर नष्ट कर दिया गया.
अवैध कारोबारियों की जांच में जुटी पुलिस
हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही अवैध कारोबार से जुड़े लोग मौके से फरार हो गए. पुलिस उनकी पहचान करने और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि जिला में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी.



