Giridih: जिला के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के तेलोनारी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई. मृतक की पहचान तेलोनारी निवासी अताउल अंसारी के इकलौते पुत्र मो. जमरूद्दीन अंसारी के रूप में हुई है. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
घर में पंखे का बिजली कनेक्शन जोड़ रहा था
परिजनों के अनुसार, मो. जमरूद्दीन अपने घर में पंखे का बिजली कनेक्शन जोड़ रहा था. इसी दौरान अचानक बिजली प्रवाहित होने से वह तेज करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही नीचे गिर पड़ा. आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य और आसपास के रिश्तेदार मौके पर पहुंचे तो देखा कि वह अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है. घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों द्वारा मौत की पुष्टि होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल परिसर में भी गमगीन माहौल बन गया.

परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट भी खड़ा हो गया
बताया जा रहा है कि मो. जमरूद्दीन परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था. उसकी आय पर ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था. वह अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है. इस असमय हुई मौत से परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट भी खड़ा हो गया है. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया. ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि परिवार को इस कठिन समय में कुछ राहत मिल सके.
AlsoRead:हजारीबाग: सरगम इंटरनेशनल स्कूल की गाड़ी पलटी, कई बच्चे चोटिल, चालक के नशे में होने का आरोप


