Hazaribagh: जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत महुगाईखुर्द स्थित मरदु सोती रोड पर आज एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां ‘सरगम इंटरनेशनल स्कूल, बड़कागांव’ की एक स्कूली गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में वाहन पर सवार कई स्कूली बच्चों को चोटें आई हैं. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला.
चालक पर शराब के नशे में धुत होने का गंभीर आरोप
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि स्कूल वाहन का चालक शराब के नशे में पूरी तरह धुत था. नशे की हालत में लापरवाही से गाड़ी चलाने के कारण उसने सीधे रास्ते पर भी वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी सड़क किनारे पलट गई. इस घटना के बाद से बच्चों के अभिभावकों में स्कूल प्रबंधन और चालक के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है.

जमीन गीली होने से बची मासूमों की जान, बड़ा हादसा होने से टला
गनीमत यह रही कि जहां गाड़ी पलटी, वहां हाल की बारिश के कारण जमीन काफी गीली और मिट्टी बेहद नरम थी. मिट्टी गीली होने की वजह से पलटने के बाद भी वाहन को ज्यादा झटका नहीं लगा और मासूम बच्चों की जान बच गई, जिससे एक बहुत बड़ी अनहोनी और भयावह हादसा होने से टल गया. दुर्घटना की आवाज सुनते ही आस-पास के ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और बिना वक्त गंवाए गाड़ी के अंदर फंसे सभी डरे-सहमे बच्चों को एक-एक कर बाहर निकाला. चोटिल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है.
स्कूली वाहनों की सुरक्षा और फिटनेस पर उठे गंभीर सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर निजी स्कूलों के वाहनों की सुरक्षा और ड्राइवरों की मॉनिटरिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की जान से खिलवाड़ करने वाले ऐसे लापरवाह और नशेड़ी चालकों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही, स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही भी तय हो ताकि भविष्य में दोबारा किसी मासूम की जिंदगी खतरे में न पड़े.
ALSO READ: वन प्रबंधन में अब नहीं चलेगा कैश का खेल, बदले नियम, श्रमिकों का हर भुगतान होगा DBT


