Bokaro: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत जिले में गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य पर जारी है. इसी क्रम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देशानुसार उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नई पहल शुरू की गई. Bokaro: BLO of the day पहल के तहत 3 जुलाई 2026 को अपराह्न 6 बजे तक के जिला स्तरीय संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर बेरमो विधानसभा क्षेत्र के पार्ट संख्या-42 की बीएलओ सविता देवी एवं पार्ट संख्या 48 की बीएलओ मधुलता देवी को Bokaro: BLO of the day घोषित किया गया.
यह भी पढ़ें: बोकारो: इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने अस्पताल पर लगाया लापरवाही का आरोप, हंगामा

DC ने किया सम्मानित
सविता देवी ने एक दिन में 168 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. वहीं, मधुलता देवी ने 591 गणना प्रपत्र वितरण कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. उनके उल्लेखनीय कार्य को देखते हुए उन्हें Bokaro: BLO of the day के रूप में चयनित किया गया. डीईओ सह डीसी स्वयं राजकीय कृत मध्य विद्यालय जरीडीह बस्ती, बेरमो पहुंचे और सविता देवी एवं मधुलता देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीएलओ लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा उनके समर्पित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य से ही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान सफल होगा. डीईओ सह डीसी ने इस अवसर पर एईआरओ सह बेरमो प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार/सीओ संजीत कुमार को भी एसआईआर-2026 अभियान के प्रभावी संचालन, बेहतर पर्यवेक्षण एवं समन्वय के लिए बधाई दिया. उन्होंने कहा कि अधिकारियों के नेतृत्व और बीएलओ के समर्पित प्रयासों से जिले में अभियान को अपेक्षित गति मिल रही है.
प्रो-एक्टिव होकर काम करें बीएलओ, कोई मतदाता छूटे नहीं : DC
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों से प्रो-एक्टिव होकर कार्य करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 अत्यंत महत्वपूर्ण अभियान है और यह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने से जुड़ा कार्य है. डीईओ सह डीसी ने कहा कि बीएलओ लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं. वे सीधे मतदाताओं से जुड़े हैं, इसलिए यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता छूटने नहीं पाए. सभी बीएलओ टीम भावना के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें तथा अभियान के दौरान आने वाली किसी भी कठिनाई का समय पर समाधान करें. उन्होंने अभियान में बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर सुमित्रा को बधाई देते हुए कहा कि उनका समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है. उन्होंने सभी बीएलओ से इसी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ एसआईआर-2026 अभियान को सफल बनाने की अपील की.


