Koderma: जिले में भूमाफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. ताजा मामला झुमरी तिलैया के मड़ुआटांड़ क्षेत्र से सामने आया है, जहां सरकारी पानी टंकी के बगल स्थित करीब ढाई कट्ठा खाली सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश की जा रही है. स्थानीय लोगों के अनुसार बीते कुछ दिनों से यहां जेसीबी लगाकर ट्रेंच काटी जा रही है और जमीन को समतल किया जा रहा है. लोगों का आरोप है कि यह पूरी जमीन सरकार के नाम है और इसका उपयोग सार्वजनिक उद्देश्य के लिए होना है. इसके बावजूद कुछ प्रभावशाली लोग रात के अंधेरे में और दिन में भी काम कराकर इस पर कब्जा जमाने की फिराक में हैं.
लोगों में आक्रोश
मड़ुआटांड़ के आसपास रहने वाले लोगों ने कहा कि यह जमीन पीने के पानी की टंकी से सटी हुई है. अगर यहां अवैध निर्माण हो गया तो न सिर्फ सरकारी संपत्ति का नुकसान होगा बल्कि इलाके की सुंदरता और सुरक्षा भी प्रभावित होगी. लोगों ने प्रशासन से तुरंत जांच कर कार्रवाई की मांग की है.

Read Also: मनाली : हर मौसम में यादगार छुट्टियों की बेहतरीन मंजिल
सवालों के घेरे में प्रशासन
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब जिला प्रशासन लगातार सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और भूमाफियाओं पर कड़ी कार्रवाई के दावे कर रहा है. लेकिन मड़ुआटांड़ की इस घटना से सवाल उठता है कि आखिर सरकारी जमीन बचाने के दावे कागजों तक ही सीमित हैं. स्थानीय लोगों ने डीसी और एसडीओ से मांग की है कि मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को रोका जाए और दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए.


