Hazaribagh: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार से मुलाकात कर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया गया.
पेटो स्वास्थ्य केंद्र को 24 घंटे संचालित करने की मांग
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग-522 पर दारू प्रखंड स्थित अतिरिक्त उपस्वास्थ्य केंद्र, पेटो को सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे संचालित करने की मांग रखी गई. रंजन चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए यहां एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड सहित आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर प्राथमिक उपचार मिल सके.

बरही अनुमंडल अस्पताल की सुविधाओं पर उठाए सवाल
रंजन चौधरी ने बरही अनुमंडल अस्पताल में चिकित्सा उपकरणों की कमी और टूटे हुए स्ट्रेचर के उपयोग का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने अस्पताल में आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने तथा जिले के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेंद्रों की व्यवस्था में सुधार की मांग की.
मौसमी बीमारियों पर जताई चिंता
मानसून के दौरान मलेरिया और टाइफाइड के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने का सुझाव दिया. साथ ही डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता बताई. बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में डीडीटी छिड़काव, नियमित फॉगिंग, जनजागरूकता अभियान तथा जरूरतमंद परिवारों के बीच मच्छरदानियों के वितरण का सुझाव भी दिया गया, ताकि संक्रामक बीमारियों की रोकथाम प्रभावी ढंग से की जा सके.
सिविल सर्जन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
सिविल सर्जन डॉ. अशोक कुमार ने बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वस्त किया कि पेटो स्वास्थ्य केंद्र को सुदृढ़ बनाने, बरही अनुमंडल अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार करने तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग आवश्यक कार्रवाई करेगा. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना विभाग की प्राथमिकता है.
ALSO READ : झारखंड में डिजिटल शिक्षा को मिलेगा नया आयाम, हर प्रमंडल में बनेंगे आधुनिक स्टूडियो


