Simdega : गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी के मामले में बानो पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. बानो अंचल निरीक्षक भिखारी राम ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जेम्स लुगुन उर्फ जेम्स, निवासी सोरडा, थाना बिसरा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) और इमदाद अंसारी उर्फ इम्तियाज, निवासी सोरडा, थाना बिसरा, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) के रूप में हुई है. दोनों को 4 जुलाई को छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया.
गोवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी पर पुलिस का प्रहार
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा से ओड़गा होते हुए जंगल के रास्ते 24 गोवंशीय पशुओं को अवैध रूप से बानो की ओर ले जा रहे हैं. सूचना के आधार पर बानो थाना में कांड संख्या 15/26 दर्ज किया गया. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(5) एवं 3(5), झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम की धारा 12(1) तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(D) और 11(F) के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच में सामने आया है कि आरोपियों पर चोरी किए गए गोवंशीय पशुओं को वध कर मांस बिक्री के उद्देश्य से जंगल के रास्ते ले जाने का आरोप है. पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक 14 आरोपियों की गिरफ्तारी या आत्मसमर्पण हो चुका है. वहीं, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पशु तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.



