Ranchi: शहीद रमेश सिंह मुंडा की पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को अड़की प्रखंड के बोहंडा पंचायत स्थित बोहंडा मैदान में हॉकी प्रतियोगिता का आगाज हुआ. क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और शहीद रमेश सिंह मुंडा की स्मृति को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं ग्रामीण शामिल हुए. उद्घाटन समारोह में झामुमो प्रवक्ता सह विधायक प्रतिनिधि मनोज मंडल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उन्होंने हॉकी स्टिक से गोल कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया. इसके बाद खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन का संदेश दिया. अपने संबोधन में मनोज मंडल ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त मंच है. ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की है. ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं.
यह भी पढ़ें: झारखंड भाजपा का अगला मिशन, हिमंता बिस्वा सरमा के बयान से सियासत गरम

उद्घाटन मुकाबला में कांटे की टक्कर, कुलट्टा टीम की जीत
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला कुलट्टा और इचाहातू की टीमों के बीच खेला गया. दोनों टीमों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन रोमांचक मुकाबले में कुलट्टा ने इचाहातू को 1-0 से पराजित कर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की. मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का तालियों से उत्साहवर्धन किया. कार्यक्रम में झामुमो अड़की प्रखंड कोषाध्यक्ष जगदीश मुंडा, प्रखंड सदस्य बुधु मुंडा, पंचायत अध्यक्ष रतन मुंडा, अब्राहम सोए, जिसवन हेंब्रम, सान्दू हेंब्रम, पांडू मुंडा, मंगरा मुंडा, संजय पाहन, सिंगा हेंब्रम सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे. आयोजकों ने बताया कि तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा के सहयोग से पिछले लगभग 20 वर्षों से शहीद रमेश सिंह मुंडा की पुण्यतिथि पर इस पारंपरिक हॉकी प्रतियोगिता का लगातार आयोजन किया जा रहा है. यह प्रतियोगिता अब पूरे क्षेत्र की पहचान बन चुकी है और हर वर्ष बड़ी संख्या में ग्रामीण टीमों की भागीदारी रहती है. इस अवसर पर विधायक विकास सिंह मुंडा ने अपने संदेश में कहा कि दक्षिण अड़की का समग्र विकास ही शहीद रमेश सिंह मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी. उन्होंने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर दक्षिण अड़की को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाकर ही उनके पिता शहीद रमेश सिंह मुंडा का सपना साकार किया जा सकेगा. हॉकी प्रतियोगिता के माध्यम से शहीद रमेश सिंह मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने और सामाजिक समरसता का संदेश देने का प्रयास किया गया. प्रतियोगिता के आगामी दिनों में क्षेत्र की विभिन्न टीमों के बीच कई रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे.
यह भी पढ़ें: महिला अधिवेशन की सफलता पर आजसू ने जताया आभार, कहा- महिलाओं के सशक्तिकरण को मिला नया संबल


