Ranchi : राजधानी में भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त है. सोमवार सुबह से हो रही बारिश ने लोगों को घर में दुबकने को मजबूर कर दिया है. सप्ताह की शुरूआत होने के कारण सभी स्कूल, कॉलेज, सरकारी व प्राइवेट ऑफिस, कोर्ट आदि खुले हुए हैं. लोग बारिश से बचने के लिए दो पहिया की जगह चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं. जिससे सड़क पर वाहनों का बोझ बढ़ गया है. राजधानी की हर सड़कों पर जाम की स्थति बनी हुई है. इससे ट्रैफिक पुलिस को भी अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ रही है. चार पहिया वाहनों का बोझ सड़क पर अधिक होने के कारण ट्रैफिक पुलिस भी भारी बारिश में भींग कर ट्रैफिक स्मूथ करने में लगी हुई है.
इन इलाकों में रही जाम की स्थिति
भारी बारिश के कारण राजधानी के लगभग हर सड़क सोमवार को जाम रही. मेन रोड के अलावा, सर्कुलर रोड, बरियातू रोड, कचहरी से रातू रोड, हरमू बाइपास रोड, कांके रोड, जेल मोड़ से करमटोली, बोड़या रोड, सिरमटोली, कांटाटोली से कोकर होते हुए बूटी रोड, बीआइटी, विकास में भी जाम का असर देखने को मिला. हालांकि ट्रैफिक पुलिस के मशक्कत के कारण लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा.

जलजमाव के कारण वाहनों का आवागमन प्रभावित
पानी की सही निकासी नहीं होने कारण लोगों को जलजमाव का सामना करना पड़ा. थोड़ी देर की मुसलाधार बारिश ने नगर निगम की पोल खोल कर रख दी. शहीद चौक से कचहरी, स्टेशन रोड, मेन रोड समेत कई स्थानों पर जल जमाव से भी वाहनों की रफ्तार कम हो गयी थी. जिससे जाम की स्थिति बनी.
जूता खोल कर संभालते है ट्रैफिक
ट्रैफिक पुलिस की कर्मठता इससे पूरी तरह जाहिर होती है कि कई बार भारी बारिश में जूता खराब होने के डर वे खाली पैर सड़क पर उतर जाते है. हाथ में छाता लिए हुए या रेन कोर्ट पहन कर ट्रैफिक संभालने में मुस्तैद हो जाते है. राजधानी में कई चौक पर इस तरह का नजारा देखने को मिलता है.


