Bihar: राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र में रविवार शाम कथित प्रेम प्रसंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी घटनाक्रम में बदल गया. शादी के लिए कथित प्रेमिका पर दबाव बनाने पहुंचे एक युवक ने युवती के भाई को गोली मार दी. इसके बाद हुई धक्का-मुक्की के दौरान युवक तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.
शादी से इनकार के बाद घर पहुंचा युवक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोतिहारी निवासी 25 वर्षीय प्रियेश रंजन के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि प्रियेश और युवती के बीच कथित प्रेम संबंध था. बताया जा रहा है कि युवती की सरकारी नौकरी लगने के बाद उसने प्रियेश से बातचीत बंद कर दी थी. इसी बात से नाराज होकर प्रियेश रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे पिस्टल लेकर युवती के किराए के मकान पर पहुंच गया और शादी करने का दबाव बनाने लगा.

विवाद बढ़ा, युवती के भाई को मारी गोली
घर में प्रियेश की युवती के भाई से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रियेश ने कथित तौर पर पिस्टल से फायरिंग कर दी. गोली युवती के भाई की बांह में लगी, जिसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई. घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है.
धक्का-मुक्की के दौरान तीसरी मंजिल से गिरा युवक
फायरिंग के बाद छत पर मौजूद लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई. इसी दौरान प्रियेश तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया. गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि युवक धक्का-मुक्की के दौरान खुद गिरा या किसी ने उसे नीचे धक्का दिया.
घटनास्थल से पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, कारतूस और एक खोखा बरामद किया है. घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम भी मौके पर पहुंची और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए. बरामद सबूतों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
सिटी एसपी बोलीं- सभी पहलुओं की हो रही जांच
सिटी एसपी (सेंट्रल) ममता कल्याणी ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत ऊंचाई से गिरने के कारण हुई प्रतीत होती है. हालांकि वह किन परिस्थितियों में नीचे गिरा, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद और घटना से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है.
परिजनों का आरोप- महीनों से बना रहा था शादी का दबाव
घायल युवक की मां का आरोप है कि प्रियेश पिछले कई महीनों से उनकी बेटी पर शादी करने का दबाव बना रहा था. रविवार को वह अचानक घर में घुस आया और तीसरी मंजिल पर पहुंच गया, जहां उनका बेटा मौजूद था. उनका कहना है कि छत पर पहुंचते ही प्रियेश ने उनके बेटे पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गया. इसके बाद हुई अफरा-तफरी में प्रियेश नीचे गिर गया.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि घायल युवक की दो बहनों को सरकारी नौकरी मिली है. फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ था.


