Hazaribagh: बिहार में मानव तस्करी और आर्केस्ट्रा गिरोह का पर्दाफाश करने वाले चर्चित अंडरकवर स्टिंग ‘ऑपरेशन रेड लाइट’ के लिए सीनियर इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टर महिमा सिंह को हजारीबाग परिसदन सभागार में झारखंड स्वतंत्रता सेनानी विचार मंच ने सम्मानित किया. समारोह की अध्यक्षता बटेश्वर प्रसाद मेहता ने की. इस अवसर पर सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सम्मान समारोह में महिमा सिंह, उनके पिता शैलेन्द्र कुमार सिंह तथा बहन श्रेयसी सिंह को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया. बटेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि महिमा सिंह ने अपनी निर्भीक पत्रकारिता से मानव तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश कर समाज को नई दिशा दी है. वहीं रंजन चौधरी ने उन्हें युवा पत्रकारों के लिए प्रेरणास्रोत बताया.
यह भी पढ़ें: राजनीति में युवाओं की भागीदारी जरूरी, तभी होगा बड़ा बदलाव : दीपिका पांडेय सिंह

महिमा सिंह की निर्भीक पत्रकारिता की सराहना
महिमा सिंह के पिता शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि कठिन संघर्ष और विरोध के बावजूद उनकी बेटी ने समाजहित में पत्रकारिता का रास्ता नहीं छोड़ा. उल्लेखनीय है कि ‘ऑपरेशन रेड लाइट’ के बाद कई स्थानों पर कार्रवाई तेज हुई तथा मानव तस्करी के जाल से अनेक लड़कियों को मुक्त कराया गया. समारोह में पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महिमा सिंह के साहस और सेवा भावना की सराहना की.
यह भी पढ़ें: पलामू: 3 साल से फरार डेढ़ लाख लूटकांड का मुख्य आरोपी कुंदन पासवान गिरफ्तार, ससुराल से दबोचा गया


