Ranchi: राजधानी रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में आयोजित होने वाले श्री जगन्नाथ रथ मेला-2026 की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण को केंद्र में रखकर जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति ने पिछले दो महीनों में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं. आज के प्रेस वार्ता में न्यास समिति के अध्यक्ष एन.एन. पांडेय, सचिव प्रसन्न कुमार, समिति सदस्य कमल ठाकुर और गोपाल उपाध्याय उपस्थित थे. समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष रथ मेले को पहले से अधिक भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर लगातार तैयारियां की जा रही हैं.
श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान
समिति ने बताया कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है. मंदिर परिसर, पूजा स्थल और प्रवेश मार्गों की नियमित सफाई कर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है. साथ ही पूरे परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था की गई है, ताकि शाम और रात के समय भी श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल मिल सके.

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रथ मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, अलग प्रवेश और निकास मार्ग तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. समिति ने बताया कि जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ लगातार बैठकें कर हर व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से हो सके.
धार्मिक परंपराओं के संरक्षण पर जोर
समिति के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ की दैनिक पूजा, भोग और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों को पूरी परंपरा और अनुशासन के साथ संपन्न कराया जा रहा है. वहीं रथ मेला के दौरान होने वाले धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को भी अधिक गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित बनाने की तैयारी की गई है.
स्नान यात्रा के पवित्र जल का किया गया वितरण
समिति ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ की स्नान यात्रा के बाद पवित्र स्नान जल को छोटे-छोटे बोतलों में पैक कर हजारों श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया गया. इस पहल को श्रद्धालुओं ने काफी सराहा. इससे एक ओर जहां श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान हुआ, वहीं दूसरी ओर भीड़ प्रबंधन में भी सुविधा मिली.
दिवंगत सुरक्षा प्रहरी के परिवार को 5 लाख की सहायता
मंदिर के दिवंगत सुरक्षा प्रहरी बिरसा मुंडा को भी श्रद्धांजलि दी गई. समिति ने बताया कि ड्यूटी के दौरान उनकी हत्या हो गई थी. उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्यास समिति की ओर से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा गया. समिति ने कहा कि यह कदम संस्था की सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय संवेदनशीलता का प्रतीक है.
मेला होगा भव्य और सुरक्षित
समिति के अध्यक्ष एन.एन. पांडेय ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथ मेला-2026 की लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. समिति का लक्ष्य है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिले. उन्होंने कहा कि मंदिर के समग्र विकास, भगवान श्री जगन्नाथ की सेवा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए न्यास समिति पूरी प्रतिबद्धता के साथ लगातार कार्य करती रहेगी.
यह भी पढ़ें: चाईबासा: फाइलेरिया उन्मूलन हेतु ‘नाइट ब्लड सर्वे’ अभियान जारी, 13,500 रक्त नमूने संग्रह करने का लक्ष्य


