Palamu: उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. नौडीहा बाजार प्रखंड के शाहपुर पंचायत अंतर्गत जमालपुर (सतबरवा) और करकटा पंचायत के टाड़ी क्षेत्र में संचालित अवैध महुआ शराब भट्टियों पर विशेष अभियान चलाया गया. विभाग को लगातार मिल रही गुप्त सूचनाओं के बाद उपायुक्त और उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
1400 किलो जावा महुआ और 40 लीटर अवैध शराब बरामद
छापेमारी के दौरान टीम ने दोनों स्थानों से कुल 1400 किलोग्राम जावा महुआ और लगभग 40 लीटर तैयार अवैध महुआ शराब बरामद की. इसके साथ ही शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे उपकरणों और भारी मात्रा में महुआ लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि दोबारा अवैध उत्पादन न हो सके.

एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
कार्रवाई के दौरान उत्पाद पुलिस ने जमालपुर निवासी नागेंद्र यादव को मौके से गिरफ्तार कर लिया. उससे पूछताछ की जा रही है ताकि अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके. वहीं, दो अन्य आरोपी- एक जमालपुर और दूसरा करकटा का निवासी-मौके से फरार होने में सफल रहे.
ALSO READ: विस्थापित परिवारों के मेधावी छात्रों को मिलेगी बिरसा मुंडा छात्रवृत्ति, आवेदन के लिए 20 जुलाई अंतिम तिथि
फरार आरोपियों की तलाश जारी
उत्पाद विभाग ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया है. विभाग ने बताया कि पूरे मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और अवैध शराब के कारोबार पर आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.


