Ranchi: रिम्स रांची में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पदों पर नए प्रभार सौंपे गए हैं. रिम्स प्रशासन का कहना है कि इस पुनर्गठन से चिकित्सा शिक्षा, छात्र कल्याण, सुपरस्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के विस्तार और संस्थान के प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलेगी. जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, शिशु रोग विभाग के प्राध्यापक प्रो. डॉ. राजीव मिश्रा को अगले आदेश तक संकायाध्यक्ष (Dean Faculty) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं, उनके इस नए दायित्व को देखते हुए प्रो. डॉ. पार्थ कुमार चौधरी को शिशु रोग विभाग का विभागाध्यक्ष (एचओडी) बनाया गया है. रिम्स में एमबीबीएस और पीजी सुपरस्पेशियलिटी सीटों में प्रस्तावित बढ़ोतरी की प्रक्रिया को गति देने के लिए सर्जरी विभाग के अपर प्राध्यापक डॉ. निशीथ एम. पॉल एक्का को उप-संकायाध्यक्ष (Vice Dean Faculty) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. उनसे चिकित्सा शिक्षा के विस्तार और शैक्षणिक योजनाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद जताई गई है.
यह भी पढ़ें: पदक विजेता खिलाड़ियों को सब्जी बेचने की नौबत न आए, डेटाबेस तैयार कर प्रोत्साहन राशि देने की योजना बनाएं : हेमंत सोरेन

रिम्स प्रशासन ने कहा- शैक्षणिक और प्रशासनिक ढांचा होगा मजबूत
इसके अलावा नेत्र रोग विभाग के अपर प्राध्यापक डॉ. राहुल प्रसाद को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ डीन, छात्र कल्याण (Dean Student Welfare) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. छात्र कल्याण से जुड़े कार्यों और अभिलेखों का औपचारिक हस्तांतरण एनेस्थीसिया विभाग के विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापक प्रो. डॉ. शिव प्रिये द्वारा किया जाएगा. इसके बाद डॉ. राहुल प्रसाद नए दायित्व का कार्यभार संभालेंगे. रिम्स प्रशासन ने कहा कि इन प्रशासनिक बदलावों का उद्देश्य संस्थान के शैक्षणिक और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करना है. इससे छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा. सुपरस्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों के विस्तार को गति मिलेगी और मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी.
यह भी पढ़ें: रांची: रिम्स के चौथे तल्ले से गिरी महिला, ICU में महिला को किया गया भर्ती


