Click Here
Click Here
Click Here

गिरिडीह: इनोवा और बाइक की आमने-सामने टक्कर, एक बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल

Giridih: पचंबा–जमुआ मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम पथलानवाडीह के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से...

Giridih Police
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस

Giridih: पचंबा–जमुआ मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम पथलानवाडीह के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में एक मासूम बच्चा भी शामिल है, जिसके पैर में फ्रैक्चर हो गया है. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सड़क से हटाया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने पर पचंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अपने वाहन से सभी घायलों को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया.

सभी घायलों को भेजा गया सदर अस्पताल 

जानकारी के अनुसार, JH10BV2018 नंबर की इनोवा कार रांची से जमुआ होते हुए गिरिडीह की ओर आ रही थी. इसी दौरान पथलानवाडीह के पास सामने से आ रही एक बाइक से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. बाइक पर तीन लोग सवार थे, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था. टक्कर इतनी जबरदस्त थी, कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों सवार कई फीट दूर जा गिरे.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार पचंबा से रामबा की ओर जा रहे थे. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने घायलों को संभालने के साथ-साथ पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी. पुलिस के पहुंचने के बाद सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान बताया कि घायल बच्चे के पैर में फ्रैक्चर है, जबकि अन्य दो लोगों के सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं. सभी घायलों का इलाज जारी है.

एक घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, लोगों में नाराजगी

हादसे के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद करीब एक घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची. लोगों का कहना था कि यदि पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंचती, तो घायलों को अस्पताल पहुंचाने में और अधिक विलंब हो सकता था, जिससे उनकी जान भी खतरे में पड़ सकती थी.

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा, कि राष्ट्रीय और मुख्य सड़कों पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की सुस्ती चिंता का विषय बनी हुई है. उन्होंने जिला प्रशासन से एंबुलेंस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की.

वाहनों को जब्त कर जांच में जुटी पुलिस

पचंबा थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है. पुलिस ने बताया कि दोनों वाहनों की स्थिति और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किस वाहन की लापरवाही से हुई.

यह भी पढ़ें: जमशेदपुर : परसुडीह पुलिस का बड़ा एक्शन, डकैती की साजिश मामले में फरार आरोपी लखीकांत और समीर गिरफ्तार

add1

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *