Bokaro: बोकारो विधानसभा क्षेत्र के चास प्रखंड अंतर्गत काला पत्थर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने किया. विधायक ने कहा कि यह परियोजना जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड से विकसित की जाएगी. परियोजना के प्रथम चरण में लगभग 2.5 एकड़ भूमि पर 9.31 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक इनडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा. इस स्टेडियम में बास्केटबॉल, बैडमिंटन सहित विभिन्न इनडोर खेलों की आधुनिक सुविधाओं के साथ स्विमिंग पूल, मेडिटेशन सेंटर, कैफेटेरिया तथा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण एवं आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रावधान किया जाएगा. परियोजना के द्वितीय चरण में आधुनिक आउटडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.

विधायक ने कहा- खेल प्रतिभाओं को संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता
विधायक श्वेता सिंह ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच और संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण से चास एवं आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के नए अवसर प्राप्त होंगे. यह परियोजना क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. स्थानीय जनप्रतिनिधि, नागरिकों एवं युवाओं ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए विधायक श्वेता सिंह का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के खेल विकास की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया.
यह भी पढ़ें: पदक विजेता खिलाड़ियों को सब्जी बेचने की नौबत न आए, डेटाबेस तैयार कर प्रोत्साहन राशि देने की योजना बनाएं : हेमंत सोरेन


