Bundu: बुंडू थाना क्षेत्र के सुमानडीह जंगल से 19 जून को मिले सिर कटे अधजले शव की गुत्थी का पर्दाफाश आखिरकार बुंडू पुलिस ने कर दिया है. करीब 17 दिनों तक चली गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों और फॉरेंसिक विश्लेषण के बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी के कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर तमाड़ थाना क्षेत्र के आगरा और सुंदरडीह जंगल से मृतक का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया गया.
साक्ष्य मिटाने के लिए किया गया शव का सिर धड़ से अलग
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संजय लोहरा के रूप में हुई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि पत्नी और उसके कथित प्रेमी के बीच चल रहे प्रेम संबंध इस जघन्य हत्याकांड की वजह बने. आरोप है कि दोनों ने मिलकर पहले संजय लोहरा की हत्या की और फिर उसकी पहचान छिपाने तथा साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव का सिर धड़ से अलग कर दिया. इसके बाद शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई, ताकि पहचान करना मुश्किल हो जाए.

17 दिनों तक चली पड़ताल के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची
घटना के बाद 19 जून को सुमानडीह जंगल से पुलिस ने सिर कटा अधजला शव बरामद किया था. सिर नहीं मिलने के कारण मृतक की पहचान और हत्यारों तक पहुंचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी. पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी इनपुट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर जांच का दायरा बढ़ाया. लगातार 17 दिनों तक चली पड़ताल के बाद पुलिस आरोपी तक पहुंची और पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर कटा हुआ सिर बरामद कर लिया.
अन्य संभावित पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
सिर की बरामदगी के दौरान FSL की टीम, बुंडू DSP, बुंडू थाना प्रभारी, तमाड़ थाना प्रभारी सहित पुलिस के कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. पुलिस अब बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने और अन्य संभावित पहलुओं की जांच में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी जांच जारी रहेगी और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत आरोपपत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा. इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद पूरे बुंडू और आसपास के क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: गुमला: भरनो में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत, एक घायल


