Giridih: सरिया के शिवभक्त विराट सिंह एक बार फिर आस्था और संकल्प का परिचय देते हुए 51 लीटर पवित्र जल लेकर पैदल यात्रा पर सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए. लगातार चौथी बार वे सरिया के उत्तरवाहिनी नदी स्थित प्रसिद्ध राजदाह धाम से जल लेकर बाबा नगरी की यात्रा पर निकले हैं. इस अवसर पर राजदाह धाम परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन कर यात्रा का शुभारंभ किया.
सम्मानपूर्वक विदाई
यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व राजदाह धाम ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने विराट सिंह का अंगवस्त्र, माला एवं फल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी. इस दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे, जिन्होंने हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच उन्हें शुभकामनाओं के साथ रवाना किया. राजदाह धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश भारती ने कहा कि यह पूरे सरिया क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि विराट सिंह लगातार चौथी बार राजदाह धाम का पवित्र जल लेकर बाबा बासुकिनाथ धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक करने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि विराट सिंह हर वर्ष क्षेत्र के सुख-समृद्धि, संपूर्ण विकास और शिवभक्तों के कल्याण की कामना के साथ यह कठिन पैदल यात्रा करते हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से क्षेत्र में शांति, समृद्धि और विकास का मार्ग प्रशस्त होगा.

भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद की प्रार्थना की
वहीं यात्रा पर निकलने से पहले विराट सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल धार्मिक यात्रा करना ही नहीं, बल्कि समाज में हिंदुत्व की भावना, एकता और आपसी भाईचारे का संदेश देना भी है. उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि सभी लोग जाति-पांति से ऊपर उठकर स्वयं को पहले हिंदू मानें और अपनी संस्कृति एवं सनातन परंपराओं पर गर्व करें. उन्होंने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष सरिया के राजदाह धाम से जल लेकर सुल्तानगंज पहुंचते हैं और वहां से कांवड़ में गंगाजल भरकर बाबा बासुकिनाथ के शिवलिंग पर जलार्पण करते हैं. यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर उन्हें शिवभक्तों एवं स्थानीय लोगों का भरपूर स्नेह, सहयोग और उत्साहवर्धन मिलता है, जिससे उनकी आस्था और भी मजबूत होती है. विराट सिंह ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से वे लोगों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, सद्भाव और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी देते हैं. यात्रा के दौरान सैकड़ों शिवभक्तों ने उन्हें भावभीनी विदाई दी. पूरा राजदाह धाम परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से गूंज उठा. श्रद्धालुओं ने उनकी सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद की प्रार्थना की.
AlsoRead:रथयात्रा के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिला न्योता, 16 जुलाई से गूंजेगा जय जगन्नाथ


