Ranchi: झारखंड विधान सभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में उद्यान निदेशालय, झारखंड और भारतीय बागवानी अनुसंधान संस्थान (IIHR), बेंगलुरू के बीच महत्वपूर्ण समझौता (MoU) हुआ. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौके पर मौजूद थे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समझौता राज्य के बागवानी के क्षेत्र को नई दिशा और नई गति देगा. इससे किसानों को आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक खेती और बेहतर बाजार के अवसर मिलेंगे, जिससे उनकी आय में बढ़ोतरी होगी.

किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में अहम पहल
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. IIHR के साथ यह सहयोग झारखंड के किसानों को वैज्ञानिक खेती और आधुनिक बागवानी तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
बागवानी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और अनुसंधान को मिलेगा बढ़ावा
इस समझौते से राज्य में फल, सब्जी, सजावटी पौधे, औषधीय फसल तथा मशरूम उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा. साथ ही किसानों को नई तकनीक, उन्नत अनुसंधान, प्रशिक्षण और विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. राज्य सरकार का मानना है कि इस पहल से झारखंड में बागवानी फसलों की उत्पादकता, गुणवत्ता और बाजार मूल्य में वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी.
मौके पर मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभाग के सचिव अबू बकर सिद्दीकी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

