Ranchi: कोकर चौक के समीप स्थित एक बाइक के शोरूम के पास बाइकर्स गैंग ने सुनील महतो के गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए. उनका घर भी उसी गली में है. वह घर के बाहर बच्चों की स्कूल बस का इंतजार कर रहे थे. उसी समय एक बाइक पर सवार दो लोग वहां पहुंचे और उनके गले से सोने की चेन छीनकर भाग गए.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
चेन छीनने की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि बाइक सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और सुनील महतो के गले से चेन छीनकर फरार हो गए. दोनों अपराधियों ने हेलमेट पहन रखा था.
सदर थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी
इस संबंध में सुनील महतो ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी में उन्होंने बताया है कि अपराधियों ने इतनी जल्दी घटना को अंजाम दिया कि वह बाइक का नंबर भी नहीं देख सके.
फुटेज के आधार पर जांच में जुटी पुलिस
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद सदर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. पुलिस फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर बाइक सवार दोनों अपराधियों की पहचान करने में जुटी है.
