गुमला: सदर थाना क्षेत्र के बड़ाइक मुहल्ला स्थित महिला अधिवक्ता शीला सिंह के मकान और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में अचानक आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही घनी आबादी वाले इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी.
एक घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड
स्थानीय लोगों के अनुसार सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई. दुकान का शटर तोड़कर दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया. आग की लपटें तेज होने के कारण आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल रहा.
घर पर नहीं था कोई सदस्य
बताया जाता है कि आग लगने के समय घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था. महिला अधिवक्ता शीला सिंह पिछले दिनों सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थीं और फिलहाल रांची में इलाजरत हैं. परिवार के सभी सदस्य उनके साथ रांची में हैं. घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है.
दुकान का सामान जलकर खाक
आग लगने से मकान और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया. फिलहाल नुकसान का आधिकारिक आकलन नहीं हो पाया है. हालांकि स्थानीय लोगों ने अगलगी में लाखों रुपये के सामान के जलकर राख होने की आशंका जताई है. आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है.
ALSO READ: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर सदर अस्पताल में HIV जागरूकता अभियान की शुरुआत, रक्तदान शिविर भी आयोजित
