Koderma: जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर कथित यौन शोषण और धमकी देने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को आरोपी युवक के मामा अशोक साव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में कोडरमा जेल भेज दिया है. ज्ञात हो कि जयनगर थाना क्षेत्र के खगराडीह निवासी 20 वर्षीय युवती ने मरकच्चो थाना क्षेत्र के जामू निवासी कुंदन साव पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने, अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने तथा शादी से इनकार करने का आरोप लगाते हुए जयनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. युवती के आवेदन के अनुसार आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने तथा उसके भाई की हत्या कराने की धमकी दी.
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी
बाद में सामाजिक स्तर पर दोनों पक्षों के बीच शादी कराने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोप है कि युवक के परिजनों ने शादी से इनकार कर दिया. मामले में जयनगर पुलिस ने अनुसंधान के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक के मामा थाना क्षेत्र के गडगी निवासी अशोक साव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में कोडरमा जेल भेज दिया. वहीं मुख्य आरोपी कुंदन साव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.

ALSO READ: चाईबासा: नकटी डैम में अश्लील गतिविधियों पर रोक लगाने को लेकर ग्रामसभा, नियमों का पालन करने की अपील


