Bundu: बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक विकास कुमार मुंडा ने लगभग 60 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पांच महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया. इन योजनाओं के माध्यम से नगर में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा. शिलान्यास की गई योजनाओं में लगभग 24 लाख रुपये की लागत से आराडीह नदी किनारे श्मशान घाट में शेड निर्माण, अनुमंडल कार्यालय के सामने एवं गोसाईडीह में नाली निर्माण, माझी टोली स्थित पगला बाबा आश्रम समिति तक पीसीसी सड़क निर्माण, दुकानों की छतों पर होल्डिंग बोर्ड लगाने सहित अन्य जनसुविधा से जुड़े कार्य शामिल हैं.
श्मशान घाट में शेड, नाली, सड़क और सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों पर जोर
इस अवसर पर विधायक विकास कुमार मुंडा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता की मांग और आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से विकास योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा. नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र उरांव ने कहा कि श्मशान घाट में शेड निर्माण के साथ पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी. साथ ही बुंडू बड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य भी शीघ्र शुरू कराया जाएगा. नगर प्रशासक शुभम पोद्दार ने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र में 15 अगस्त तक व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा तथा नगर के सौंदर्यीकरण और स्वच्छता को लेकर लगातार कार्य किए जाएंगे. इस मौके पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष रविंद्र उरांव, पार्षद नेपाल दास, कमला देवी, अरशद अंसारी, धनंजय प्रमाणिक, करिश्मा भगत, पूजा जायसवाल, बबलू कुंडू, अरविंद कुमार, मोनू जायसवाल, सिटी मैनेजर सहित नगर पंचायत के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.



