Ranchi: अगर आपका सपना पायलट बनने का है, लेकिन महंगी ट्रेनिंग की वजह से यह सपना अधूरा रह जाता था, तो अब अच्छी खबर है. झारखंड सरकार ने दुमका एयरपोर्ट स्थित झारखंड फ्लाइंग इंस्टीट्यूट में कमर्शियल पायलट की ट्रेनिंग शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है. यहां राज्य के युवाओं को पायलट बनने की ट्रेनिंग दी जाएगी. सबसे बड़ी बात यह है कि पहले बैच में 15 छात्रों की पूरी ट्रेनिंग का खर्च सरकार उठाएगी.
पहले बैच में 30 सीटें, आधे छात्रों को मिलेगी मुफ्त ट्रेनिंग
पहले बैच में कुल 30 सीटें रखी गई हैं. इनमें से 15 सीटें 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप के लिए हैं, जबकि बाकी 15 सीटों पर सेल्फ फाइनेंस (अपने खर्च पर) दाखिला होगा. स्कॉलरशिप वाली सीटों के लिए झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) परीक्षा आयोजित करेगा. वहीं सेल्फ फाइनेंस सीटों के लिए वही छात्र आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने DGCA के कम से कम चार पेपर पास किए हों.

कौन कर सकता है आवेदन?
स्कॉलरशिप का लाभ सिर्फ झारखंड के स्थायी निवासी छात्रों को मिलेगा. इसके लिए जरूरी शर्तें हैं. 12वीं में फिजिक्स, मैथ्स और इंग्लिश विषय होना जरूरी है. इन तीनों विषयों में अलग-अलग कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए. कुल मिलाकर भी 50 प्रतिशत अंक जरूरी हैं. आरक्षित वर्ग के छात्रों को अंकों में 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी. परिवार की सालाना आय 12 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए.
उम्र और मेडिकल से जुड़ी शर्तें
आवेदन के समय उम्र कम से कम 17 साल होनी चाहिए. लंबाई 158 से 185 सेंटीमीटर के बीच होनी चाहिए. दाखिले के समय DGCA का Class-II मेडिकल सर्टिफिकेट देना होगा.
कैसे होगा चयन?
चयन तीन चरणों में होगा.
पहला चरण: लिखित परीक्षा
इस परीक्षा में 150 ऑब्जेक्टिव सवाल पूछे जाएंगे. सवाल इंग्लिश, मैथ्स, फिजिक्स, रीजनिंग और करंट अफेयर्स से होंगे. अच्छी बात यह है कि गलत जवाब देने पर कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी.
दूसरा चरण: साइकोमेट्रिक और पायलट एप्टीट्यूड टेस्ट
इसमें देखा जाएगा कि उम्मीदवार पायलट बनने के लिए मानसिक और तकनीकी रूप से कितना तैयार है.
तीसरा चरण: इंटरव्यू
इसके बाद 50 अंकों का इंटरव्यू होगा. लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के अंकों को जोड़कर 350 अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी.
Read Also: DAV स्कूल में छुट्टी के बाद निकले 6 बेबी कोबरा, समय रहते रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा
वेटिंग लिस्ट भी बनेगी
15 चयनित छात्रों के अलावा 15 और छात्रों की वेटिंग लिस्ट तैयार की जाएगी. अगर कोई सीट खाली रहती है तो वेटिंग लिस्ट वाले उम्मीदवार को मौका मिलेगा.
आवेदन शुल्क कितना होगा?
सामान्य वर्ग: 12,000
SC, ST, BC-I, BC-II और EWS: कोई शुल्क नहीं
आरक्षण के अनुसार सीटें
- सामान्य – 7
- ST – 4
- SC – 1
- अत्यंत पिछड़ा वर्ग – 1
- पिछड़ा वर्ग – 1
- EWS – 1
जो स्कॉलरशिप नहीं ले पाएंगे, उनके लिए भी मौका
जो छात्र स्कॉलरशिप के तहत चयनित नहीं होंगे, वे सेल्फ फाइनेंस के जरिए भी दाखिला ले सकते हैं. इसके लिए DGCA के चार पेपर पास होना जरूरी होगा.
झारखंड के युवाओं के लिए बड़ा मौका
अब तक पायलट बनने के लिए ज्यादातर छात्रों को दूसरे राज्यों के महंगे फ्लाइंग स्कूलों का रुख करना पड़ता था. लेकिन दुमका में फ्लाइंग इंस्टीट्यूट शुरू होने और सरकार की 100 प्रतिशत स्कॉलरशिप योजना से अब झारखंड के युवाओं के लिए पायलट बनने का रास्ता काफी आसान हो जाएगा. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के होनहार छात्र भी अब अपने सपनों को नई उड़ान दे सकेंगे.


