Chatra: प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सिद्की गांव में गुरुवार को कुएं से 19 वर्षीय युवती का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान महेंद्र भारती की पुत्री शांति कुमारी के रूप में हुई है.परिजनों के अनुसार शांति कुमारी रविवार तक घर पर थी, लेकिन सोमवार को घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी. इसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की और रिश्तेदारों के यहां भी पता लगाया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. गुरुवार को गांव के एक कुएं में शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए.
प्रेम प्रसंग की चर्चा, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
घटना के बाद ग्रामीणों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी बात की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


