Koderma: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष चौक के नजदीक एक निजी क्लीनिक में प्रसव कराने आई एक महिला के मौत के बाद परिजनों ने जमकर बवाल काटा है. मृतका की पहचान गयाजी (बिहार) के रहने वाली 27 वर्षीय गुड़िया देवी पति अतिराज पासवान के रूप में की गई है. मिली जानकारी के अनुसार गुड़िया देवी प्रसव हेतु कुछ दिनों से अपने मायके चौपारण थाना क्षेत्र के रेमो करमा गांव में ही रह रही थी. इधर गुड़िया को प्रसव पीड़ा होने के बाद उसके मामा बाबूलाल पासवान गुड़िया का प्रसव कराने हेतु बुधवार को उसे लेकर झुमरीतिलैया स्थित जीवन ज्योति नामक एक अस्पताल में आए थे. जहां गुड़िया देवी ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. मृतका गुड़िया देवी की मां मंजू देवी का कहना है कि प्रसव के बाद गुड़िया और उसका बच्चा दोनों ही स्वस्थ थे.

सुबह अस्पताल में चिकित्सकों ने बताया कि मां की मृत्यु हो गई

इधर गुरुवार की सुबह अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि उसकी मृत्यु हो गई है. जिसके पश्चात गुड़िया के परिजन उक्त अस्पताल पहुंचे. जहाँ चिकित्सकों से उसकी मौत का कारण पूछने पर उनके द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के कारण परिजन वहां जमकर हंगामा करने लगे. इधर मामले को लेकर डॉक्टर ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा की हम रेफर कर रहे थे राँची लेकिन इनके परिजन बोला आप ही इलाज कीजिये कुछ होगा तो आप पर कोई आरोप नहीं लगाएंगे.



