Latehar: खेल और शिक्षा के समन्वित विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए माननीय विधायक प्रकाश राम (74, लातेहार विधानसभा) के निर्देश पर बालूमाथ स्थित आर प्लस टू हाई स्कूल में छात्र-छात्राओं के बीच फुटबॉल एवं ड्रेस किट का वितरण किया गया. कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच संपन्न हुआ.
विद्यालय प्रशासन द्वारा फुटबॉल एवं ड्रेस किट की व्यवस्था
विद्यालय प्रशासन द्वारा फुटबॉल एवं ड्रेस किट की व्यवस्था की गई थी, जिसका वितरण माननीय विधायक के प्रतिनिधि अनिल कुमार प्रजापति के कर-कमलों द्वारा छात्र-छात्राओं के बीच किया गया. इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि अनिल कुमार प्रजापति ने कहा कि “शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास का महत्वपूर्ण आधार है. खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं. विद्यार्थी पूरी लगन और ईमानदारी से पढ़ाई करें तथा खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, ताकि भविष्य में अपने विद्यालय, क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन कर सकें.”

विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है
उन्होंने कहा कि माननीय विधायक प्रकाश राम शिक्षा एवं खेल दोनों क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं. विद्यालय की प्राचार्या रूबी बानो ने इस सहयोग के लिए माननीय विधायक एवं विधायक प्रतिनिधि के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलती है. इस अवसर पर स्पोर्ट्स शिक्षक पंकज सिंह, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय कर्मी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम का समापन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ हुआ. उपस्थित लोगों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया.
AlsoRead:DRDO ने किया 60 किलोमीटर न्यूनतम मारक क्षमता वाले पिनाका रॉकेट का सफल परीक्षण


