Newswave Desk: निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के तीन बैंक खातों में जमा करीब 440.42 करोड़ रुपये फ्रीज कर दिए हैं. यह कार्रवाई कथित मनी लॉन्ड्रिंग और विमान खरीद मामले की जांच के तहत की गई है. ईडी का दावा है कि पार्टी की राशि को एक निजी विमानन कंपनी के माध्यम से जेट और हेलीकॉप्टर खरीद में लगाया गया था.
जेट और हेलीकॉप्टर खरीद की हो रही जांच
ईडी के अनुसार, जांच में सामने आया है कि टीएमसी से जुड़े करीब 160 करोड़ रुपये को कोलकाता स्थित केयरवेल एविएशन प्राइवेट लिमिटेड में निवेश किया गया. एजेंसी का आरोप है कि इस राशि का उपयोग लगभग 112 करोड़ रुपये में एक एम्ब्रेयर 600 बिजनेस जेट और एक अगस्ता हेलीकॉप्टर खरीदने के लिए किया गया. इसी लेनदेन की जांच धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की जा रही है.

तीन बैंक खाते किए गए फ्रीज
ईडी ने एचडीएफसी बैंक में मौजूद टीएमसी के तीन खातों को फ्रीज किया है, जिनमें कुल 440.42 करोड़ रुपये जमा बताए गए हैं. एजेंसी का कहना है कि जांच पूरी होने तक इन खातों से किसी भी प्रकार का लेनदेन नहीं किया जा सकेगा.
टीएमसी ने कार्रवाई को बताया राजनीतिक
टीएमसी ने ईडी की कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताया है. पार्टी का कहना है कि उसके सभी वित्तीय लेनदेन पूरी तरह पारदर्शी हैं और उनकी जानकारी समय-समय पर चुनाव आयोग तथा आयकर विभाग को दी जाती रही है. पार्टी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी दलों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है.
जांच जारी
ईडी का कहना है कि मामले में धन के स्रोत, निवेश की प्रक्रिया और विमान खरीद से जुड़े सभी वित्तीय दस्तावेजों की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ : कोडरमा: विधायक डॉ. नीरा यादव की पहल रंग लाई , अगस्त में शुरू होगा ब्लड बैंक


