NEWS DESK: सोशल मीडिया पर इन दिनों महाकुंभ से चर्चा में आई मोनालिसा की शादी की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं. मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल के एक मंदिर में शादी कर ली है. शादी के दौरान मोनालिसा सादी रेशमी साड़ी में दुल्हन के रूप में नजर आईं, जबकि फरमान लुंगी और सफेद शर्ट पहनकर साउथ इंडियन दूल्हे के अंदाज में दिखाई दिए. अलग-अलग धर्म से होने की वजह से यह शादी अब चर्चा का विषय बन गई है.

महाकुंभ के दौरान अपनी भूरी आंखों की वजह से सुर्खियों में आई मोनालिसा अब एक्टिंग की दुनिया में कदम रख चुकी हैं. इसी दौरान उनकी मुलाकात फरमान खान से हुई, जो पेशे से एक्टर हैं. बताया जा रहा है कि दोनों की दोस्ती फेसबुक के जरिए शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया. हालांकि परिवार की मंजूरी के बिना ही दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया.
मोनालिसा और फरमान ने तिरुवनंतपुरम के अरुमनूर नैनार मंदिर में शादी रचाई. इस खास मौके पर मोनालिसा ने साउथ इंडियन स्टाइल में साड़ी पहनकर दुल्हन का रूप अपनाया, जिसमें उनका लुक बेहद सादगी भरा और खूबसूरत लग रहा था. वहीं फरमान लुंगी और सफेद शर्ट में पारंपरिक दक्षिण भारतीय दूल्हे के अंदाज में नजर आए.
अपने शादी के दिन के लिए मोनालिसा ने रेड और क्रीम-गोल्ड शेड की रेशमी साड़ी चुनी. साड़ी के प्लीट्स वाले हिस्से को सादा रखते हुए उस पर लाल रंग की लाइनों से डिजाइन बनाया गया, जबकि बाकी हिस्से में सर्कल और स्क्वायर जैसे ज्योमेट्रिक पैटर्न नजर आए. साड़ी के बॉर्डर पर फ्लोरल बेल का डिजाइन था, जिसने पूरे लुक को और आकर्षक बना दिया.
साड़ी के साथ उन्होंने लाल रंग का ब्लाउज पहना, जिस पर पीले रंग की छोटी-छोटी बूटियों का डिजाइन बना हुआ था. हाफ स्लीव्स वाला यह सिंपल ब्लाउज उनके लुक को संतुलित और एलिगेंट बना रहा था. इस पूरे अंदाज में मोनालिसा की सादगी साफ झलक रही थी.
जूलरी की बात करें तो मोनालिसा ने अपने ब्राइडल लुक को काफी सिंपल रखा. उन्होंने गले में पर्ल की माला पहनी और हाथों में सिल्वर सितारों से सजी चूड़ियां डालीं. इसके साथ ही रिंग और पर्ल ब्रेसलेट भी पहना हुआ था.
शादी के दौरान उन्होंने इयररिंग्स भी पहने, हालांकि बाद में उन्हें उतार दिया. गले में सोने के पेंडेंट वाला मंगलसूत्र और नोजपिन उनके लुक को पूरा कर रहे थे.
मांग में सिंदूर और खुले बालों के साथ हल्के और नेचुरल मेकअप में मोनालिसा बेहद खूबसूरत लग रही थीं. शादी के बाद उन्होंने फरमान के साथ कुछ रोमांटिक तस्वीरें भी खिंचवाईं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं.
हालांकि इस शादी के बाद मोनालिसा ने पुलिस से सुरक्षा की मांग भी की है. बताया जा रहा है कि अलग-अलग धर्म होने के कारण उनके पिता इस रिश्ते के खिलाफ हैं, लेकिन इसके बावजूद दोनों ने शादी करने का फैसला किया और अब शादी के बंधन में बंध चुके हैं.

