Koderma: तिलैया थाना कांड संख्या 140/2025 के एक मामले में वादी पप्पू कुमार साव ने पुलिस अधीक्षक, कोडरमा को आवेदन देकर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए केस के अनुसंधानकर्ता को सरकारी वाहन उपलब्ध कराने की मांग की है. आवेदन में पप्पू कुमार साव ने बताया है कि तिलैया थाना कांड संख्या-140/2025 में उन्होंने सूचना दर्ज कराई थी. उनका आरोप है कि मामले के आरोपी मुकेश शर्मा उर्फ निरंजन ठाकुर ने उनसे काफी रुपये की ठगी की है.
शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी लगातार फरार है तथा उन्हें गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है. वादी का कहना है कि उन्हें जानकारी मिली है कि आरोपी फिलहाल गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहा है. इसकी सूचना उन्होंने कई बार मामले के अनुसंधानकर्ता महादेव पांडेय को दी, लेकिन कथित रूप से हर बार सरकारी वाहन उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर गिरफ्तारी की कार्रवाई टाल दी गई.

आवेदन में क्या कहा गया ?
आवेदन में उन्होंने कहा है कि वह आर्थिक रूप से कमजोर हैं और लंबे समय से मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं. उन्होंने पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि अनुसंधानकर्ता को शीघ्र सरकारी वाहन उपलब्ध कराया जाए, ताकि आरोपी की गिरफ्तारी हो सके और उन्हें अपने पैसे वापस मिलने की उम्मीद बने. पप्पू कुमार साव ने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि इससे उन्हें न्याय मिलने के साथ-साथ कानून व्यवस्था पर भी लोगों का विश्वास मजबूत होगा.
ALSO READ: चक्रधरपुर GRP ने दहेज प्रथा व महिला उत्पीड़न के खिलाफ चलाया जागरूकता अभियान


