Ranchi: रोजगार की तलाश में दुबई गए झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड स्थित तिरला गांव निवासी लालचंद महतो के सामने अब स्वदेश लौटने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. पासपोर्ट, अमीरात ID समेत सभी जरूरी दस्तावेज गुम हो जाने के कारण वे दुबई में फंस गए हैं, न तो वे वहां कानूनी रूप से काम कर पा रहे हैं और न ही भारत लौटने की स्थिति में हैं.
आजसू नेता संजय मेहता ने भारतीय महावाणिज्य दूतावास से की अपील
इस मामले को लेकर आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता संजय मेहता ने दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. उन्होंने दूतावास को भेजे पत्र में बताया कि लालचंद महतो के पासपोर्ट, अमीरात आईडी और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज खो चुके हैं, जिससे उनकी कानूनी और आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है.

आर्थिक तंगी और बिगड़ती सेहत बनी चिंता का कारण
संजय मेहता ने पत्र में उल्लेख किया है कि दस्तावेज नहीं होने के कारण लालचंद महतो रोजगार नहीं कर पा रहे हैं. आय का कोई साधन नहीं बचा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है. वहीं, उनकी तबीयत भी लगातार बिगड़ने की जानकारी सामने आई है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है.
मानवीय आधार पर आउटपास जारी करने की मांग
संजय मेहता ने भारतीय महावाणिज्य दूतावास से मानवीय आधार पर लालचंद महतो के लिए जल्द से जल्द इमरजेंसी सर्टिफिकेट (आउटपास) जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित हो सके.
ALSO READ: रांची पुलिस ने दो ब्राउन शुगर तस्कर को किया गिरफ्तार
हर संभव सहयोग का दिया भरोसा
उन्होंने कहा कि यदि इस मामले में किसी अतिरिक्त जानकारी, फोटो या अन्य दस्तावेज की आवश्यकता होगी तो वे हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार हैं, साथ ही उन्होंने बताया कि झारखंड में मौजूद लालचंद महतो का परिवार लंबे समय से चिंता, आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव का सामना कर रहा है तथा उनकी जल्द सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठा है.


