ओवरलोड डीजे पिकअप बना हादसे का खतरा, मूरकी चढ़ाई पर हवा में उठे अगले पहिए

हजारीबाग: शादियों के चालू लगन के बीच सड़कों पर दौड़ते डीजे वाहन अब मनोरंजन से ज्यादा दहशत का कारण बनते जा रहे...

हजारीबाग: शादियों के चालू लगन के बीच सड़कों पर दौड़ते डीजे वाहन अब मनोरंजन से ज्यादा दहशत का कारण बनते जा रहे हैं. वाहनों पर बेतरतीब तरीके से डीजे सेट बांधने और क्षमता से अधिक लोडिंग के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है. ताजा मामला टाटीझरिया थाना क्षेत्र के मूरकी के पास का है, जहां एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया.

मूरकी के पास एक तीखी चढ़ाई पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डीजे लदा एक पिकअप वाहन चढ़ाई चढ़ने के दौरान अनियंत्रित हो गया. वाहन पर भारी-भरकम डीजे कैबिनेट और जनरेटर लदा हुआ था. चढ़ाई पर पीछे का वजन इतना अधिक हो गया कि पिकअप के आगे के दोनों पहिए हवा में लहरा गए. वाहन पूरी तरह से पीछे बंधे डीजे सेट के सहारे लटक गया.

गनीमत यह रही कि वाहन पीछे की ओर पलटा नहीं, वरना आसपास मौजूद लोग या पीछे से आ रहे अन्य वाहन इसकी चपेट में आ सकते थे.

Also Read: कैबिनेट का फैसलाः झारखंड सिटी टूरिस्ट एक्ट का गठन, देशी और विदेशी पयर्टकों के लिए टैक्स निधार्रित

ओवरलोडिंग और दिखावे की होड़ बन रही खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि डीजे संचालक अधिक कमाई और दिखावे के चक्कर में छोटे वाहनों पर भारी मशीनें लाद देते हैं. डीजे कैबिनेट को वाहन की बॉडी से काफी बाहर निकालकर बांधा जाता है, जिससे वाहन की चौड़ाई बढ़ जाती है और बगल से गुजरने वाले वाहनों से टकराने का खतरा बना रहता है.

जनरेटर और ऊंचे साउंड बॉक्स के कारण वाहन का सेंटर ऑफ ग्रेविटी भी बिगड़ जाता है, जिससे मोड़ या चढ़ाई पर वाहन तुरंत पलट सकते हैं. भारी लोड होने के बावजूद चालक इन वाहनों को तेज रफ्तार में दौड़ाते हैं और ब्रेक लगाते ही वाहन अक्सर असंतुलित हो जाते हैं.

कार्रवाई नहीं हुई तो हादसे बढ़ने का खतरा

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन ओवरलोडेड डीजे वाहनों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो लगन के इस मौसम में खुशियां मातम में बदल सकती हैं. डीजे वाहनों की ऊंचाई और चौड़ाई मानकों से कहीं अधिक होती है.

इसके अलावा इनके चालक अक्सर कम उम्र के होते हैं और तेज आवाज में बजते संगीत के कारण उन्हें पीछे से आने वाले वाहनों के हॉर्न तक सुनाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *