Hazaribagh: भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए चौपारण प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. 16 जुलाई को निकलने वाली ऐतिहासिक रथयात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने विशेष प्रतिबंध लागू करने का निर्णय लिया है। इस दिन बिरहोर बाजार में लगने वाले साप्ताहिक हाट को स्थगित रखा जाएगा तथा मांस, मछली और शराब की बिक्री पर पूर्ण रोक रहेगी.
बाजार में माइकिंग कर लोगों को दी गई जानकारी
पुलिस और प्रशासन की टीम ने बिरहोर बाजार क्षेत्र में माइकिंग कर दुकानदारों, वाहन चालकों और आम लोगों को प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी दी. थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि रथयात्रा चौथी मोड़ से शुरू होकर बिरहोर बाजार होते हुए चौपारण जगन्नाथ मंदिर तक जाएगी. यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है.

सड़क किनारे दुकान और पार्किंग पर भी प्रतिबंध
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 16 जुलाई को सड़क के दोनों किनारों पर किसी भी प्रकार की दुकान, ठेला, वाहन पार्किंग अथवा अस्थायी अतिक्रमण की अनुमति नहीं होगी. नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर विशेष फोकस
रथयात्रा समिति ने प्रशासन को अवगत कराया कि गुरुवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट में हजारों लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए साप्ताहिक हाट स्थगित करने तथा मांस-मछली और शराब की बिक्री पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है.
तीन दिवसीय रथयात्रा महोत्सव की तैयारी
रथयात्रा समिति के सचिव राजदेव यादव, संयोजक अभिषेक सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने बताया कि 16 से 18 जुलाई तक तीन दिवसीय रथयात्रा महोत्सव का आयोजन होगा. ऐतिहासिक बिरहोर बाजार और हनुमान मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ रथयात्रा निकाली जाएगी. आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने दुकानदारों, व्यापारियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, प्रतिबंधों का सम्मान करें तथा रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने में सहयोग दें.


