Hazaribagh: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हजारीबाग में गुरुवार, 27 अगस्त को एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा. जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से यह कार्यक्रम नया समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय के समक्ष सुबह 11 बजे से शुरू होगा.

जय प्रकाश भाई पटेल करेंगे अध्यक्षता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के निर्देश पर आयोजित धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं हजारीबाग जिला कांग्रेस अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल करेंगे. कांग्रेस ने इसे केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराने का कार्यक्रम बताया है.
खनिज संशोधन विधेयक का विरोध
कांग्रेस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 का विरोध किया जाएगा. पार्टी नेताओं का कहना है कि खनिज क्षेत्र से जुड़े प्रस्तावित बदलावों को लेकर कांग्रेस की गंभीर आपत्तियां हैं. इन्हीं मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन के माध्यम से विरोध दर्ज कराया जाएगा.
राम मंदिर चंदे में पारदर्शिता की मांग
धरने के दौरान अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर से जुड़े चंदे और वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता का मुद्दा भी उठाया जाएगा. कांग्रेस ने मंदिर से संबंधित चंदे और वित्तीय व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की है.
कई नेता होंगे शामिल
कार्यक्रम में खिजरी विधायक सह हजारीबाग लोकसभा प्रभारी राजेश कच्छप और प्रदेश महासचिव सह जिला प्रभारी राजीव रंजन प्रसाद मुख्य रूप से शामिल होंगे. जिला कांग्रेस अध्यक्ष जय प्रकाश भाई पटेल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे.

