Palamu: मेदिनीनगर शहर में लगातार बढ़ रहे सड़क अतिक्रमण को लेकर पलामू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गहरी चिंता जताई है. चैंबर के एक प्रतिनिधिमंडल ने मेदिनीनगर नगर निगम के महापौर, नगर आयुक्त, पलामू DC, पुलिस अधीक्षक और सदर एसडीओ को ज्ञापन सौंपकर शहर को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है.
शोरूम के सामने ठेले लगने से प्रभावित हो रहा कारोबार
चैंबर पदाधिकारियों का कहना है कि स्थानीय व्यवसायी भारी निवेश कर शहर में बड़े-बड़े ब्रांड्स के शोरूम खोल रहे हैं, लेकिन इन प्रतिष्ठानों के ठीक सामने बेतरतीब ढंग से ठेले और खोमचे लगाए जाने से ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो गया है. इससे कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और पूरे क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है.

‘बड़े ब्रांड शहर में निवेश करने से डरेंगे’
चैंबर के महामंत्री इंद्रजीत सिंह डिंपल ने कहा कि यदि अतिक्रमण की समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में बड़े ब्रांड मेदिनीनगर में अपने शोरूम खोलने से परहेज करेंगे.उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की मांग की.
व्यापारी सहयोग को तैयार, फिर भी नहीं हट रहे अतिक्रमणकारी
झारखंड चैंबर के रीजनल उपाध्यक्ष रिंकू दुबे ने कहा कि व्यापारी वर्ग प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने के लिए तैयार है. नगर निगम ने ठेला व्यवसायियों के लिए डॉ. राजेंद्र प्रसाद चौक के पास स्थान भी निर्धारित किया है, लेकिन अधिकांश ठेला संचालक वहां जाने को तैयार नहीं हैं। इसके कारण मुख्य बाजार की सड़कें संकरी हो गई हैं , एम्बुलेंस और दमकल जैसी आपातकालीन सेवाओं का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है.
हाईकोर्ट जाने की दी चेतावनी
चैंबर कमेटी के सदस्य राकेश सोनी ने कहा कि यदि प्रशासन से बार-बार आग्रह करने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो व्यवसायियों को मजबूर होकर माननीय उच्च न्यायालय की शरण लेनी पड़ेगी.
ALSO READ: हजारीबाग : हाई स्पीड टूरिस्ट वाहन डायवर्सन से टकराया, टला हादसा
बस डिपो भी अतिक्रमण की चपेट में
चैंबर सदस्यों ने आरोप लगाया कि शहर का सरकारी स्टेट बस डिपो भी अतिक्रमण से अछूता नहीं है. यहां से छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली के लिए बसों का संचालन होता है, लेकिन महिलाओं के लिए बने प्रतीक्षालय तक पर सब्जी विक्रेताओं ने कैरेट रखकर कब्जा कर लिया है, उनका आरोप है कि नगर निगम प्रशासन इस गंभीर समस्या पर मौन बना हुआ है.


