Ranchi: बाइक सवार द्वारा धुर्वा के सेक्टर- दो निवासी एक महिला से सोने का चेन छिनने का मामला प्रकाश में आया है, इस संबंध में महिला बंदिता पाठक ने जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जगन्नाथपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. सेक्टर- दो, ई/207 निवासी संजय पाठक की पत्नी बंदिता पाठक ने प्राथमिकी में बताया है कि आठ जुलाई की शाम छह बजे वह अपने घर के पीछे वाले छोटे गेट के थोड़ा आगे गाला बैकेंट हॉल के समीप टहल रही थी. उसी समय एक अपाचे व एक होंडा साइन पर सवार चार युवक उनके करीब पहुंचे. वह जबतक कुछ समझ पाती अपाचे में सवार अपराधियों ने उसके गले से सोने का चेन छीन लिया और भागने लगे. महिला चोर-चोर कहकर शेार भी मचायी और दौड़ते हुए उनका कुछ दूर तक पीछा भी किया. लेकिन वे अपराधी भागने में सफल रहे. हड़बड़ी में महिला बाइक का नंबर नहीं देख पायी.
चेन बरामद करने की मांग
प्राथमिकी में महिला ने लिखा है कि मेरे गले में लगभग 22 कैरेट की 10 – 15 ग्राम वजनी सोने की चेन थी. महिला ने पुलिस को बताया यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरो में रिकॉर्ड हुई है. महिला का कहना है कि इस घटना से उसकी आर्थिक क्षति के साथ-साथ मानसिक आघात भी पहुंचा है. इतना ही नहीं अपराधियों को दौड़ाने में वह गिरते-गिरते बची है. पीड़िता ने पुलिस को गुहार लगायी है कि सीसीटीवी फुटेज के आधर पर अपराधियों को पकड़ कर उनकी सोने की चेन बरामद की जाये.

AlsoRead:पहाड़ी मंदिर मामले में HC ने धार्मिक न्यास बोर्ड को जारी किया नोटिस, मांगा स्पष्टीकरण


