पाकुड़: हिरणपुर मुख्य सड़क पर सोलगाड़िया के पास हाइवा और ट्रक के बीच आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं.

मिली जानकारी के अनुसार हाइवा बालू लेकर पाकुड़ की ओर जा रहा था, जबकि ट्रक ईंट लेकर हिरणपुर की ओर जा रहा था. इसी दौरान सोलगाड़िया के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई.
हादसे के बाद हाइवा का ड्राइवर गाड़ी के अंदर ही फंस गया. काफी देर की कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया. फिलहाल घायल ड्राइवर को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है. बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब 7 बजे के आसपास हुई.

