Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय परिसर में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित कुल 178 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुआ उपस्थित रहे. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सिंहभूम संसदीय क्षेत्र की सांसद जोबा माझी शामिल हुईं. इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे.
मंत्री दीपक बिरुआ और सांसद जोबा माझी ने नवनियुक्तों को दी शुभकामनाएं
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए. इनमें स्थापना कार्यालय अंतर्गत अनुकंपा एवं उग्रवादी अनुकंपा के तहत लिपिक पद पर 34 तथा आदेशपाल पद पर 7 अभ्यर्थी, समाज कल्याण विभाग की 21 सेविकाएं एवं 32 सहायिकाएं, जिला आयुष कार्यालय के अंतर्गत एक जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं 25 योग प्रशिक्षक, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए 5 प्रखंड समन्वयक, डीएमएफटी मद से कक्षा 9 एवं 10 के लिए 30 अनुशिक्षक तथा कक्षा 11 एवं 12 के लिए 8 अनुशिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 3 बहुउद्देशीय कार्यकर्ता एवं 5 सहायक कर्मी तथा कोल्हान अधीक्षक कार्यालय अंतर्गत 7 मुंडा शामिल रहे. मंत्री दीपक बिरुआ ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राज्य की सेवा का एक महत्वपूर्ण दायित्व है. उन्होंने सभी नियुक्त कर्मियों से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ाई जा रही है.

ALSO READ: बोकारो: STP से बह रहे गंदे पानी ने बढ़ाई परेशानी, स्कूली बच्चों और कॉलोनीवासियों का जीना हुआ मुहाल
जनसेवा की भावना से कार्य करने का किया आह्वान
सांसद जोबा माझी ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है. उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए प्रत्येक कर्मी अपने कार्यों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं. उन्होंने सभी से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने तथा अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने की अपील की. उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक पद के साथ उत्तरदायित्व जुड़ा होता है. उन्होंने सभी से समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य संस्कृति अपनाने तथा आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील रहकर अपनी सेवाएं देने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है और सभी नवनियुक्त कर्मियों की सक्रिय सहभागिता से शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा. समारोह का समापन सभी चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ किया गया. जिला प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त कर्मी अपनी कार्यकुशलता, समर्पण एवं जनसेवा की भावना से पश्चिमी सिंहभूम जिले के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे.


